ऋषिकेश, हर्षिता। ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम में वानप्रस्थ घाट पर शुक्रवार को तीन दिवसीय द बीटल्स एंड द गंगा महोत्सव का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव का उद्घाटन किया। महोत्सव में करीब 15 देशों से विदेशी मेहमान शिरकत करेंगे। सीएम धामी ने कहा कि योगनगरी का आध्यात्म और संगीत से गहरा संबंध है। ऋषिकेश विश्व की आध्यात्म राजधानी है।

दुनिया के हर स्थान पर रहने वाला व्यक्ति ऋषिकेश के बारे में परिचित है। बीटल्स ने पाश्चात्य सभ्यता को यह दिखाया कि किस प्रकार से आत्मा और संगीत मिश्रित होकर आध्यात्म में विलीन हो सकते हैं। बीटल्स के सदस्यों ने इसी भूमि से प्रेरित होकर एक ऐसा संगीत बनाया जिसकी धुन पूरे विश्व ने महसूस की। आज हम उसी बीटल्स का महोत्सव मना रहे हैं। इस फेस्टिवल के माध्यम से उत्तराखंड को एक नई ऊर्जा मिलेगी।

महोत्सव में स्वर्गाश्रम और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में संचालित योग केंद्र के योगाचार्याें और योग साधकों को भी बुलाया गया है। संगीत प्रस्तुति संग स्थानीय उत्पाद का स्टॉल लगाया जाएगा, साथ ही मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे जाएंगे।

By DTI