हल्द्वानी।हर्षिता। माडर्न पेंटाथलान खेल की शुरुआत उत्तराखंड के लिए मानो स्वर्ण पदक की बारिश के साथ हुई। पहले दिन ही उत्तराखंड ने पांच स्वर्ण पदक समेत सात पदक हासिल किए हैं। जबकि काशीपुर के सक्षम प्रताप सिंह व बागेश्वर की ममता खाती ने तीन-तीन स्वर्ण पदक जीते। वहीं बागेश्वर की मंजू गोस्वामी व पिथौरागढ़ के लाल सिंह को एक-एक कांस्य पदक मिला है।
गौलापार स्थित आइजीआइ स्पोर्ट्स स्टेडियम में माडर्न पेंटाथलान खेल के पहले दिन लेजर रन (5×600 मीटर, 4×5 शूटिंग हिट्स 10 मीटर), मिक्सड रिले व टीम इवेंट खेले गए, इसमें लेजर रन के पुरुष वर्ग में उत्तराखंड काशीपुर के सक्षम प्रताप सिंह ने 10 मिनट 54 सेकेंड आठ माइक्रोसेकेंड में स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं गोवा के बाबू अर्जुन गोनकर ने 11.01.22 के समय में रजत पदक व उत्तराखंड के पिथौरागढ़ गंगोलीहाट के लाल सिंह को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं महिला वर्ग में बागेश्वर की ममता खाती ने 11.51.68 के समय से स्वर्ण पदक हासिल किया है। जबकि मध्यप्रदेश की नेहा यादव को रजत पदक व बागेश्वर बैजनाथ की मंजू गोस्वामी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।