हरिद्वार | 03 मार्च 2026, हर्षिता। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और बैरागी कैंप में व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाएं और अग्निशमन व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🔐 सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
सीएम धामी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
🚦 ट्रैफिक जाम न हो, तैयार हो मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जाम की स्थिति न बने और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सरकार की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कार्यक्रम अनुशासन, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन का उदाहरण बने।
