धनौरी, हर्षिता।: जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने युवाओं से सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने और अपने भविष्य के निर्माण पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सही दिशा में किया जाए, लेकिन इसके एडिक्शन से दूर रहना बेहद जरूरी है।
एसएसपी नवनीत सिंह सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का काफी कीमती समय फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बीत जाता है। सोशल मीडिया के दुरुपयोग के कारण कई प्रकार के अपराध भी सामने आते हैं, इसलिए विशेष रूप से महिलाओं को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
एसएसपी ने युवाओं से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील भी की।
इससे पहले महाविद्यालय पहुंचने पर प्रबंध समिति की ओर से डॉ. हर्ष सैनी और डॉ. आदित्य सैनी ने एसएसपी का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान महिला दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने की, जबकि संचालन डॉ. योगेश योगी ने किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी, सह संयोजक डॉ. निशा रानी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपमाला कौशिक सहित कई शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


