हरिद्वार हर्षिता।हरिद्वार पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सट्टा और नशा कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।
कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने टिन शेड क्षेत्र से तनवीर (30 वर्ष) को सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सट्टा डायरी, पैन और 1650 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, कोतवाली रुड़की पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरिफ (25 वर्ष) निवासी खेमपुर लंढौरा को 10.87 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में एक अन्य तस्कर फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा थाना कनखल पुलिस ने बैरागी कैंप क्षेत्र से संजय को सट्टा करते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से सट्टा पर्ची, डायरी, पैन और 3350 रुपये नगद बरामद हुए।
पुलिस का कहना है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
