देहरादून: हर्षिता ।उत्तराखंड चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है. जिसके दृष्टिगत सभी संबंधित विभाग व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं. उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने भी इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि चारधाम कन्ट्रोल रूम में श्रद्धालुओं को ईसीजी की सुविधा भी मिलेगी. इसके साथ ही मंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए की सरकारी पैसों का दुरुपयोग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्थापित परीक्षण केन्द्रों का निरीक्षण कर उन्हें उचित सुविधाओं से परिपूर्ण किया जाए. साथ ही इन केन्द्रों पर स्थित एम्बुलेंस की फिटनेस का भी परीक्षण कर लिया जाए. साथ ही चारधाम कन्ट्रोल रूम पर ईसीजी की व्यवस्था के लिए पोर्टेबल मशीनों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये. स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा इस चारधाम यात्रा से बदरी और केदारनाथ स्थित हॉस्पिटल का परिचालन शुरू करने जा रहे हैं. उन्होंने जांच केन्द्रों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिये.

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बैठक के दौरान जिलावार स्वास्थ्य उपकरणों की भी जानकारी ली. उन्होंने सभी जिलों के सीएमओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सफाई के मामले में कोई कोताही नहीं बरती जायेगी. किसी भी तरह की कमी पायी जाने पर सीएमओ की जवाबदेही तय की जायेगी. स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा सरकारी अस्पताल को रेफरल अस्पताल का तगमा खत्म करना होगा. इस संबंध में भी कड़ी कार्यवाही करने की जरूरत है.गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता नहीं किया जायेगा.

यही नहीं, मंत्री ने विशेषज्ञ डॉक्टर्स को निर्देश दिए कि अपनी विशेषज्ञता के अनुसार अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें. जिससे मरीज को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके. इसके साथ ही उन्होंने मशीनों का सदुपयोग की बात कही.

By DTI