देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी खबर है. 11 अप्रैल को दोपहर 12:00 से केदारनाथ धाम हेली सेवा की टिकट बुक होना शुरू हो जाएगी. पहले चरण के तहत 22 अप्रैल से 15 जून तक के लिए हेली टिकटों की बुकिंग की जाएगी. ऐसे में यात्री जो हेली सेवाओं के जरिए बाबा केदारनाथ धाम के दर्शन करने जाना चाहते हैं, वो आईआरसीटीसी की ऑफिशल वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के जरिए 11 अप्रैल से बुकिंग कर सकते हैं.

दरअसल, 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है. सबसे पहले 19 अप्रैल को गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे. उसके बाद 22 अप्रैल के केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे. इसी के साथ 11 अप्रैल को केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो जाएगी.

हेली शटल सेवा को पूरी तरह हाईटेक होगी: आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार केदारनाथ हेली शटल सेवा को पूरी तरह हाईटेक बनाने जा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हेली सेवाओं में आधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर, पारदर्शी और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके.

8 हेलीपैड से संचालित होगी केदारनाथ हेली सेवा: इस साल हेली सेवाओं की निगरानी के लिए अत्याधुनिक सिस्टम तैयार किया गया है. यात्रा मार्ग के हेलीपैड पर तीन वेरी हाई फ्रीक्वेंसी सेटअप स्थापित किए गए हैं, जबकि तीन अतिरिक्त वीएचएफ सिस्टम बैकअप के रूप में रखे गए हैं. यात्रा के दौरान 8 हेलीपैड से संचालित होने वाली केदारनाथ हेली सेवा पर पैनी नजर रखने के लिए यूकाडा ने 18 पैन-टिल्ट-जूम कैमरे लगा रहा हैं, जिसमें से 12 कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि बाकी 6 कैमरे लगाए जाने की प्रक्रिया जारी है.

By DTI