रुड़की, हर्षिता : हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. हरियाणा की एक युवती को बहला-फुसलाकर कमरे में ले जाने, कई दिनों तक बंधक बनाकर रखने और नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने की कोशिश की गई.
पुलिस के मुताबिक, अप्रैल महीने में हरियाणा के करनाल की रहने वाली युवती पिरान कलियर पहुंची थी. 18 अप्रैल को उसकी मुलाकात दो लोगों से हुई, जिन्होंने उसे रायपुर क्षेत्र स्थित एक कमरे में ले गया. वहां एक आरोपी की पत्नी भी मौजूद थी.
पीड़िता का आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. करीब पांच दिनों तक उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया. साथ ही अन्य लोगों को बुलाकर गलत काम कराने और देह व्यापार में धकेलने की कोशिश भी की गई.
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर युवती अपने घर हरियाणा पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजन उसे लेकर पिरान कलियर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.
फिलहाल पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
