हरिद्वार, 16 मई: हर्षिता। हरिद्वार में श्रमिकों के वेतन बढ़ाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों और एआई से बनाई गई तस्वीरों पर श्रम विभाग ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा फिलहाल न्यूनतम वेतन बढ़ाने संबंधी कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नॉन-इंजीनियरिंग उद्योगों (फार्मा, फूड कंपनियां आदि) में अकुशल श्रमिकों का कुल वेतन 13,018 रुपये है, जिसमें पीएफ और ईएसआई कटौती के बाद श्रमिकों को 11,358 रुपये मिल रहे हैं।
वहीं इंजीनियरिंग उद्योगों (बाइक, वाहन निर्माण कंपनियां आदि) में श्रमिकों का वेतन 13,800 रुपये निर्धारित है।
श्रम विभाग ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और फर्जी तस्वीरें शेयर कर श्रमिकों को भ्रमित कर रहे हैं। विभाग ने साफ किया कि यदि भविष्य में केंद्र सरकार कोई आदेश जारी करती है तो राज्य सरकार उसे लागू कराएगी।
सहायक श्रम आयुक्त ने श्रमिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या बहकावे में न आएं और यदि वेतन, ओवरटाइम, बोनस या एरियर से जुड़ी कोई शिकायत है तो रोशनाबाद स्थित उप श्रम आयुक्त कार्यालय, हरिद्वार में लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कई श्रमिक अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय पहुंचे थे, जिनकी शिकायतों का समाधान कर दिया गया है और अधिकांश श्रमिक वापस काम पर लौट चुके हैं।
श्रम विभाग की अपील:
➡️ सोशल मीडिया अफवाहों से बचें
➡️ शांति बनाए रखें
➡️ किसी के बहकावे में न आएं
➡️ शिकायत होने पर सीधे श्रम विभाग से संपर्क करें
