हर्षिता,ज्वालापुर विधानसभा के वार्ड नंबर 35 कड़च्छ में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में बड़ा राजनीतिक संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों के साथ-साथ कांग्रेस, भीम आर्मी, आम आदमी पार्टी और अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता मदन कौशिक ने नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि कड़च्छ क्षेत्र में पानी, सीवर, बिजली, सड़क समेत मूलभूत सुविधाओं में बड़े स्तर पर सुधार हुआ है और क्षेत्र तेजी से आदर्श वार्ड की ओर बढ़ रहा है।
वहीं मेहरचंद दास ने कहा कि मदन कौशिक के विकास कार्यों और जनसेवा से प्रभावित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं।
श्यामल कुमार ने कहा कि वार्ड नंबर 35 में हो रहे विकास कार्यों की वजह से अन्य दलों के कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मदन कौशिक के नेतृत्व में देश और प्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे प्रभावित होकर लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। राजनीतिक जानकार इसे ज्वालापुर क्षेत्र में भाजपा की मजबूती के संकेत के तौर पर देख रहे हैं।
