देहरादून, Harshita.: उत्तराखंड में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे तक गर्मी और ज्यादा सताएगी। इस दौरान प्रदेश में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे मैदानी इलाकों के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार फिलहाल बारिश का कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए अगले दो दिनों तक राहत की उम्मीद बेहद कम है। बढ़ते तापमान के चलते फॉरेस्ट फायर का खतरा भी बढ़ सकता है।
हालांकि, 20 मई से 24 मई के बीच प्रदेश के पर्वतीय जिलों — उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
बताया जा रहा है कि इस साल 20 से 25 जून के बीच मानसून भी उत्तराखंड में दस्तक दे सकता है। फिलहाल लोगों को गर्मी और लू से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
