रुद्रपुर/ खटीमा, हर्षिता ।। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ऑटो लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार कर लिए। पकड़े गए ऑटो लिफ्टरों में एक नेपाल का रहने वाला है। चोरी की बाइक वह उत्तर प्रदेश से लेकर नेपाल में खपाया करते थे। पुलिस ने पकड़े गए गिरोह के पास से 11 चोरी की बाइक बरामद कर ली है।

एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस आफिस में ऑटो लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बताया अपराध समीक्षा बैठक में नशे पर प्रभावी रोकथाम के लिए बाइक चोरी की घटनाओं पर विराम लगाने के साथ ही चोरी की बाइक बरामद करने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर ट्रांजिट कैंप व खटीमा पुलिस ने सक्रियता से कार्य करते हुए पांच ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार कर उनके पास से 11 चोरी की बाइक बरामद की है।

उन्होंने अपने नाम सचिन पाल पुत्र गिरधारी लाल हाल निवासी कृष्णा कालौनी वार्ड नंबर दो डबल ट्रांसफार्मर वाली गली थाना ट्रांजिट कैंप, मूल निवासी जोनोर धनेटा फाटक के पास थाना मीरगंज जनपद बरेली उत्तर प्रदे, अरुण पुत्र महेंद्र पाल निवासी निवासी वार्ड नंबर नौ विवेकनगर सुपर मार्केट वाली गली थाना ट्रांजिट कैंप, मूल निवासी ग्राम लालपुर थाना जहानाबाद जनपद पीलीभीत उत्तर प्रदेश, आशीष श्रीवास्तव पुत्र उदयवीर श्रीवास्तव निवासी वार्ड नंबर दो ठाकुर नगर थाना ट्रांजिट कैंप मूल निवासी ग्राम हेबतपुर जनपद बरेली उत्तर प्रदेश बताया। उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच अन्य बाइक बरामद कर ली।

वहीं खटीमा प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह के निर्देश पर पुलिस टीम ने सुजिया जाने वाले मार्ग से फरमान फरीदी उर्फ फुकना पुत्र अतीक अहमद निवासी वार्ड नंबर आठ खानका मस्जिद के पास इस्लामनगर थाना खटीमा के पास से चोरी की बाइक बरामद कर ली।

उसकी निशानदेही पर आर्शीवाद पैलेस जाने वाले मार्ग से चोरी की अन्य बाइक बरामद कर ली। वहीं उसके दूसरे साथी पवन धामी पुत्र रुद्र धामी निवासी वार्ड नंबर दो चांदनी नेपाल को लाल कोठी रोड चकरपुर से गिरफ्तार कर दोनों के पास से पांच बाइक बरामद कर ली। इस दौरान एसपी सिटी डा. उत्तम सिंह नेगी भी उपस्थित थे।

सूनसान स्थानों, बाजार व जिम में खड़ी बाइक को बनाते थे निशाना

रुद्रपुर : पकड़े गए ऑटो लिफ्टरों ने बताया वह सूनसान स्थान, बाजार, जिम, दुकानों व सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी बाइक को निशाना बनाया करते थे। बाइक चोरी कर वह उसे माहौल शांत होने तक झाड़ियाें, कच्चे मार्ग व सूनसान स्थानों पर छिपा कर रख देते थे। उसके बाद वह मौका पाकर उत्तर प्रदेश सहित नेपाल में बाइक को ठिकाने लगा दिया करते थे।

पंतनगर, ट्रांजिट कैंप व खटीमा से चोरी की थी बरामद बाइक

रुद्रपुर : आटो लिफ्टर गिरोह से ट्रांजिट कैंप पुलिस ने यूके 18 टी 1563, यूके 06 एके 9014, यूके 06 एवाई 4886, यूके 06 एएल 0411, यूके 06 एए 3378, यूके 06 बीडी 8106, वहीं खटीमा पुलिस ने यूके 06 एवाई 3527, यूके 06 एजेड 4553, यूके 06 बीबी 0578 सहित दो अन्य बाइक बरामद की है। चोरी की गई बाइक पंतनगर, ट्रांजिट कैंप व खटीमा क्षेत्र से ही चोरी की गई थी।

By DTI