हरिद्वार, 08 जून, हर्षिता। जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में सोमवार देर शाम उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में लक्सर बाजार से खानपुर रोड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस विभाग की टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 35 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाया।
12 लोगों के चालान, 6 हजार का जुर्माना
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 लोगों के चालान भी किए गए। प्रशासन द्वारा कुल 6 हजार रुपये की अर्थदंड राशि वसूली गई।
सड़क किनारे कब्जों पर प्रशासन सख्त
उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आमजन को अतिक्रमण से होने वाली समस्याओं से राहत दिलाना है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान तहसील प्रशासन, नगर पालिका, पुलिस विभाग सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
