सिडकुल, 9 जून। हर्षिता। योग संस्थान के मार्गदर्शन में मंत्रा हैप्पी होम, सिडकुल में आयोजित तीन दिवसीय “मोटापा रोग निवारण शिविर” का मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। शिविर में योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से मोटापे जैसी गंभीर समस्या से बचाव का संदेश दिया गया।
शिविर के अंतिम दिन की शुरुआत शैलेश श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत मधुर भजन से हुई, जिसने पूरे परिसर को भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद योग विशेषज्ञों ने साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
केन्द्र प्रमुख विमला सिंह ने बताया कि शिविर में आर.एस. मिश्रा, एस.पी. मौर्य, सुरेश भट्ट, जय प्रकाश सिंगले, मीरा रावत और मोहन लाल शर्मा सहित वरिष्ठ प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को गहरे एवं लंबे श्वास, ओम् ध्वनि, गायत्री मंत्र, सूर्य नमस्कार, उष्ट्रासन, शशकासन, हास्यासन, सर्पासन, पवनमुक्तासन, शवासन, कपालभाति और अग्निसार प्राणायाम जैसे महत्वपूर्ण अभ्यास कराए।
इस अवसर पर जय प्रकाश सिंगले ने मोटापे के कारणों, उससे होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं तथा बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास और अनुशासित दिनचर्या ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है।
कार्यक्रम में पश्चिमी जिला प्रधान सुरेश भट्ट ने साधकों के अनुभव साझा कराए और उनके प्रश्नों का समाधान किया, जबकि मीरा रावत ने वैदिक प्रार्थना एवं शांति पाठ के माध्यम से कार्यक्रम को आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।
शिविर का संचालन ओ.पी. शर्मा ने किया तथा फोटोग्राफी की जिम्मेदारी सरिता शर्मा ने निभाई। समापन अवसर पर सभी साधकों एवं अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया।
शिविर की सफलता में पूजा, रिंकी, डॉली, रीता, अर्चना, सोनल, प्रज्ञा, मंजू, अंजली, गुस्ताव, राजेश, सुभाष कक्कड़, गौरव, विश्वास और धर्मपाल सहित अनेक स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न योग केन्द्रों से आए लगभग 65 साधक एवं साधिकाओं ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने ऐसे स्वास्थ्यवर्धक शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल देते हुए भारतीय योग संस्थान और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
योग विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योगाभ्यास न केवल मोटापे को नियंत्रित करने में सहायक है, बल्कि शरीर और मन दोनों को स्वस्थ एवं संतुलित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

By DTI