देहरादून: हरिद्वार / हर्षिता देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर पुख्ता तैयारियां की जा रही है. पिछली बार नीट (यूजी) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था. जिसके चलते इस परीक्षा को रद्द करनी पड़ी. ऐसे में 22 लाख से ज्यादा छात्र प्रभावित हुए. कई छात्रों ने तनाव में आकर अपनी जीवन लीला भी समाप्त कर ली. जबकि, इस परीक्षा को आयोजित करवाने वाली संस्था एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी भी सवालों के घेरे में आई.
अब एक बार फिर से रविवार यानी 21 जून को यह परीक्षा करवाई जा रही है. जिसकी तैयारियां की जा रही है. इस बार कोशिश की जा रही है कि परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ हो और कोई गड़बड़ी ना हो. NTA के अनुसार, परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी, जिसमें कुल 195 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा का समय 15 मिनट बढ़ा दिया गया है. उत्तराखंड में भी नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. जबकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा के निर्देश दिए हैं.
उत्तराखंड में NEET परीक्षा को लेकर सरकार मुस्तैद, अभ्यर्थियों के लिए फ्री ट्रांसपोर्ट सुविधा: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनः परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सीएम धामी ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा और परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं. राज्य सरकार परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए.
राज्य सरकार अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. इसी कड़ी में नीट पुन: परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज यानी उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था भी की गई है. ताकि, दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.“-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
