हरिद्वार। हर्षिता।निर्जला एकादशी स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस और यातायात विभाग ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 24 जून की रात से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा।
यातायात प्रभारी नवनीत सिंह ने बताया कि स्नान पर्व के दौरान दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, देहरादून, ऋषिकेश और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट प्लान तैयार किया गया है। ट्रैफिक अधिक होने पर नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि चीला मार्ग का उपयोग केवल एक्जिट रूट के रूप में किया जाएगा, जबकि देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली प्राइवेट बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रमुख व्यवस्थाएं
24 जून रात 10 बजे से शहर में भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित।
ट्रैफिक बढ़ने पर बॉर्डर पर ही भारी वाहन रोके जाएंगे।
दिल्ली-मेरठ से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट किया जाएगा।
लालजीवाला, नीलधारा, गौरीशंकर, बैरागी कैंप, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में पार्किंग की व्यवस्था।
ऑटो और विक्रम के लिए भी विशेष डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें। साथ ही ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए प्रतिबंध और डायवर्जन के समय में बदलाव भी किया जा सकता है।

By DTI