हरिद्वार। हर्षिता।धर्म और आस्था की आड़ में भोली-भाली जनता को गुमराह करने वाले फर्जी बाबाओं के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित करने वाले पांच ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों पर नजर रखी जो धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाकर लोगों से धन ऐंठने और उनकी व्यक्तिगत व पारिवारिक समस्याओं के समाधान का झांसा देकर ठगी कर रहे थे।

पुलिस टीम ने 25 जून 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र में अभियान चलाकर साधु-संतों के वेश में घूम रहे पांच आरोपियों को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी धार्मिक आस्था का लाभ उठाकर लोगों को झूठे आश्वासन देते थे और आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास कर रहे थे। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं और फर्जी तांत्रिकों के झांसे में न आएं तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

गिरफ्तार आरोपियों में सुनील, जोगेंद्र, पारसनाथ, मनोज और पूरनमल शामिल हैं।

By DTI