हरिद्वार | 3 जुलाई 2026, हर्षिता। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्गों और डायवर्जन प्वाइंटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान धनोरी तिरछा पुल से दामाद नहर पुल (पुरकाजी) तक कांवड़ पटरी का जायजा लिया गया। इसके अलावा शांतरशाह से सालियर तक प्रस्तावित नवनिर्मित हाईवे का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया गया।
एसपी ग्रामीण ने रुड़की देहात क्षेत्र के सभी प्रमुख डायवर्जन प्वाइंटों का निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान NHAI के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हाईवे से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मंगलौर, पुलिस उपाधीक्षक भगवानपुर और निरीक्षक यातायात भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे कांवड़ मेला-2026 सुरक्षित और सुगम तरीके से संपन्न कराया जा सके

By DTI