हरिद्वार: हर्षिता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी सिटी अभय सिंह ने शनिवार को सिटी क्षेत्र के सभी विवेचकों के साथ समीक्षा बैठक (ओआर) की। बैठक में लंबित मुकदमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रत्येक मामले का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी सिटी ने विवेचकों से मुकदमों के निस्तारण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली और स्पष्ट कहा कि जांच की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विवेचना तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरी कर समय पर न्यायालय में प्रस्तुत की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान सभी विवेचकों को लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने, जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा प्रत्येक केस की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी और समयबद्ध विवेचना बेहद आवश्यक है.
