दिव्या टाइम्स इंडिया।दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में फिल्मी अंदाज में हुई लूट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। तीन बदमाशों ने पहले ग्राहक बनकर दुकान में एंट्री की, जिनमें से एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के भेष में पहुंचा था। इसके बाद आरोपियों ने कट्टा दिखाकर, मिर्च पाउडर फेंककर लाखों के गहने लूट लिए। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस के अनुसार, घटना 1 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे की है। राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में मौजूद थे। तभी गमछे से चेहरा ढंके तीन लोग दुकान में पहुंचे। एक आरोपी ने महिला का भेष बनाकर सलवार-सूट पहन रखा था।
आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा। इसी दौरान एक बदमाश ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने कट्टा निकालकर दुकानदार को धमकाया। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसी बीच महिला के भेष में मौजूद आरोपी काउंटर के अंदर घुसा और गहने समेटकर फरार हो गया।
भागते समय आरोपी अपनी मोटरसाइकिल और कट्टा मौके पर ही छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के आधार पर जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म समेत कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई थी। रिहा होने के बाद तीनों ने चोरी की बाइक और अवैध कट्टा खरीदकर ज्वेलरी दुकान में लूट की साजिश रची थी।
फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
