हरिद्वार। हर्षिता मूसलाधार वर्षा और खराब मौसम के बीच पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मोर्चे पर डटी रही। दमकल टीम ने मकान गिरने से मलबे में फंसे चार व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला। कई जगहों पर सड़क पर गिरे पेड़ काटकर हटाते हुए यातायात सुचारू कराया।

वहीं, जलभराव वाले क्षेत्रों में पुलिस, सीपीयू और यातायात पुलिस के जवान वर्षा के बीच वाहनों को सुरक्षित निकलवाने में जुटे रहे। कुल मिलाकर पुलिस और दमकल जवानों ने खराब मौसम के बीच डयूटी का फर्ज निभाया।

मूसलाधार वर्षा के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास काली कमली वाली धर्मशाला के पीछे त्रिवेणी प्रसाद का मकान गिर गया। जिससे परिवार के चार सदस्य अंदर मलबे में फंस गए।

सूचना पर मायापुर अग्निशमन केंद्र की एक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू करते हुए चारों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। खास बात यह रही कि बीमारी के चलते चलने में असमर्थ एक व्यक्ति भी मलबे में फंस गए। उन्हें स्ट्रेचर की सहायता से बाहर निकाला गया।

इसके अलावा बहादराबाद स्थित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के बाहर गिरे विशालकाय पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर हटाते हुए यातायात सुचारु कराया गया।

वहीं, तुलसी चौक और आर्यनगर चौक के पास भी टूटकर गिरे पेड़ों को दमकल टीम ने हटवाया। अलग-अलग टीमों में नरेंद्र सिंह तोमर, प्रकाश मनोरी, विपिन तोमर, चंद्रप्रकाश नौटियाल, मातबर सिंह, खुशाल, सुरेश, शैलेंद्र भट्ट, दीपाली वर्मा, मनीषा नेगी, संजय कैंतुरा, संदीप जोशी, यशपाल राणा शामिल रहे।

By DTI