हरिद्वार | 14 जुलाई 2026।पर्यावरण संरक्षण और गंगा की स्वच्छता को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए खड़खड़ी स्थित एक गोदाम से लगभग 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालक पर ₹1 लाख का चालान भी किया गया।
नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैरागी धर्मशाला के सामने स्थित नानक चंद के गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद की। अधिकारियों के अनुसार, इसी गोदाम से घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छोटे दुकानदारों को बड़े पैमाने पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही थी।
नगर निगम को लंबे समय से इस अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। पुख्ता सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद निगम ने स्पष्ट संदेश दिया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।
