डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर छापेमारी, बिना लाइसेंस चल रही खाद्य निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई
हरिद्वार, 15 जुलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लक्सर क्षेत्र में अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग, तहसील प्रशासन और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर स्थित मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर बिना वैध लाइसेंस संचालित दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अपर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, दीवान राणा तथा थाना लक्सर पुलिस की टीम मौजूद रही।
जांच के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर और इलियास पुत्र असरफ द्वारा बिना वैध फूड लाइसेंस के मावा निर्माण और दूध विक्रय का कार्य किया जाना पाया गया। आवश्यक दस्तावेज और वैध लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर दोनों प्रतिष्ठानों को अग्रिम आदेश तक बंद करने के नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान मावा निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध के तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए हैं। साथ ही बिना लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और अनिवार्य दस्तावेज उपलब्ध न कराने के मामले में दोनों संचालकों के विरुद्ध माननीय न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और बिना वैध अनुमति के खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

By DTI