खटीमा, हर्षिता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है और शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान मिलेगा।
