हरिद्वार, 02 अगस्त 2026, हर्षिता। धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित कांवड़ मेला-2026 अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच रविवार को कांवड़ यात्रा के चौथे दिन 31 लाख 50 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं की विशाल संख्या ने एक बार फिर हरिद्वार को “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 76 लाख 85 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संचालित कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्गों, प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने में जुटे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी कांवड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें।
आस्था के इस महापर्व में हरिद्वार एक बार फिर करोड़ों श्रद्धालुओं की भक्ति का केंद्र बन गया है, जहां हर ओर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंज रहे हैं।
