रुद्रपुर। हर्षिता।उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित तपस्या विहार कॉलोनी में एक 36 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पति जब अपने दोनों बच्चों के साथ बाजार से घर लौटा तो पत्नी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति, 14 वर्षीय बेटी व 10 वर्षीय बेटे के साथ तपस्या विहार कॉलोनी में रह रही थी। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे पति दोनों बच्चों को लेकर बाजार गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस घर पहुंचा तो घर के सभी कमरों के दरवाजे खुले मिले। पत्नी को कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका होने पर जब पति कमरे के अंदर पहुंचा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला का शव फंदे से लटका हुआ था। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नीचे उतारकर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिवार गहरे सदमे में है और मासूम बच्चों की हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो अकेले न रहें। परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर मदद लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
