हरिद्वार | 03 अगस्त 2026, हर्षिता । कांवड़ मेला-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल सोमवार को हरिद्वार पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने एसएसपी हरिद्वार एवं पुलिस अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मेला कंट्रोल रूम में बनाई आगे की रणनीति
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी मॉनिटरिंग के जरिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। इसके बाद सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आगामी दिनों में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विस्तृत रणनीति तैयार की।
यातायात और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष फोकस
आईजी निलेश आनंद भरणे ने निर्देश दिए कि छोटी-छोटी घटनाओं का तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान किया जाए, ताकि किसी भी स्थिति को गंभीर होने से पहले नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।
हर चुनौती से निपटने के लिए पुलिस तैयार
अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ेगी। ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी एक टीम के रूप में कार्य करें। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।
शिवभक्तों को वितरित किए फल और अल्पाहार
भ्रमण के दौरान आईजी और डीआईजी ने कांवड़ियों को फल एवं अल्पाहार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
‘मैन ऑफ द डे’ से सम्मानित हुए पुलिसकर्मी
समीक्षा बैठक के अंत में उत्कृष्ट एवं सराहनीय ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बल के जवानों और एसपीओ को “मैन ऑफ द डे” सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

By DTI