डोईवाला |हर्षिता।देहरादून रोड पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जौलीग्रांट से देहरादून लौट रहे एक युवक की चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने समय रहते कार रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। देखते ही देखते कार का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया।
अचानक उठीं धुआं और आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, डालनवाला निवासी हिमांशु जोशी मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे अपनी कार से जौलीग्रांट से देहरादून लौट रहे थे। मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे पहुंचते ही कार के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उस समय कार में हिमांशु अकेले थे। उन्होंने तुरंत वाहन रोककर बाहर निकलने का निर्णय लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
11 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल
घटना की सूचना शाम 7:34 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और हेड कांस्टेबल जसपाल पंवार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए और महज 11 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गए। दमकल विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।
प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपनी गाड़ियों की सर्विस कराएं, वायरिंग और इंजन की जांच करवाएं तथा सुरक्षा के लिए वाहन में फायर एक्सटिंग्विशर अवश्य रखें, ताकि आपात स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।

By DTI