देहरादून: हर्षिता। सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) की बैठक में स्कूल बसों की सुरक्षा, ई-टिकटिंग, ई-रिक्शा-ई-ऑटो के संचालन और ऑटो परमिट को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त, गढ़वाल मंडल एवं RTA अध्यक्ष ने की। कुल 53 विषयों पर चर्चा के बाद परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
स्कूल वाहनों में GPS और CCTV अनिवार्य
RTA ने स्कूल परिवहन वाहनों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। स्कूल बस, स्कूल वैन समेत सभी स्कूल परिवहन वाहनों में GPS और CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है।
इसके साथ ही प्रत्येक स्कूल वाहन का हर साल अधिकृत शोरूम से इलेक्ट्रिकल ऑडिट कराया जाएगा। ऑडिट रिपोर्ट वाहन में सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
बस चालकों और परिचालकों का भी हर वर्ष स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा और उसकी रिपोर्ट वाहन में रखनी होगी।
छह महीने बाद ई-टिकटिंग होगी जरूरी
सार्वजनिक परिवहन में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए ई-टिकटिंग मशीन का चरणबद्ध ट्रायल किया जाएगा। पहले चरण में बड़ी स्टेज कैरिज बसों में इसका परीक्षण होगा। इसमें टीजीएमओ, विश्वनाथ सेवा, यातायात सेवा और सिटी बसों को शामिल किया गया है।
ट्रायल के छह महीने बाद ई-टिकटिंग मशीन को अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया है।
चार शहरों में ई-रिक्शा का संयुक्त सर्वे
देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की में ई-रिक्शा और ई-ऑटो के संचालन को लेकर संयुक्त सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के जरिए यातायात जाम वाले प्रमुख स्थानों की पहचान की जाएगी और इसके आधार पर सुझाव STA को भेजे जाएंगे।
RTA अध्यक्ष ने ई-रिक्शा और ई-ऑटो में ओवरलोडिंग, नाबालिगों द्वारा ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट तक जा सकेंगे देहरादून के ऑटो
देहरादून केंद्र के ऑटो परमिट को लेकर RTA ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सामान्य 40 किलोमीटर की सीमा के बजाय देहरादून के ऑटो को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और जॉलीग्रांट अस्पताल तक संचालन की अनुमति देने का फैसला किया गया है।
हरिद्वार-रुड़की में ऑटो-विक्रम परमिट पर फैसला
हरिद्वार और रुड़की में ऑटो एवं विक्रम परमिट के लिए आवेदन मिलने पर नियमानुसार परमिट जारी किए जाएंगे।
वहीं ऋषिकेश में ऑटो परमिट जारी करने से पहले संयुक्त सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अगली RTA बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
RTA के फैसलों से स्कूल परिवहन की सुरक्षा के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन में डिजिटल व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को बेहतर करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
