रुड़की, 10 सितंबर 2026।harshita.हनुमान कॉलोनी में बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने के मामले का गंगनहर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि महिला के घर में किराए पर रहने वाला किराएदार ही निकला।
9 सितंबर 2026 को महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्ति उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति चेहरा और सिर कपड़े से ढके हुए नजर आया। घटना के खुलासे के लिए CIU रुड़की की टीम को भी जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्ण जन्माष्टमी के दिन महिला से चेन छीनने वाला व्यक्ति उसी का किराएदार सूरज है। सूचना पर पुलिस ने आरोपी के कमरे की तलाशी ली, जहां आलमारी से एक चेन और पीली धातु का पेंडल बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी सूरज पुत्र दिलबर सिंह, निवासी डूंगरी रोपड़, रूपनगर पंजाब, उम्र 29 वर्ष को हिरासत में ले लिया। मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
