हरिद्वार, 07 अक्टूबर 2026।, Harshita.कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती से मुलाकात की। बैठक में हरिद्वार के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
व्यापार मंडल ने मेला प्रशासन के समक्ष पार्किंग सुविधाओं के विस्तार, नागरिक सुविधाओं के विकास और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ हरिद्वार की दीर्घकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्थायी प्रकृति के कार्यों को प्राथमिकता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।
व्यापारियों के सुझावों को दिया जा रहा महत्व
मेलाधिकारी सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कुंभ की तैयारियों में व्यापारियों समेत सभी हितधारकों के सुझाव और फीडबैक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि कुंभ की तैयारियों के साथ हरिद्वार शहर की भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि मेला समाप्त होने के बाद भी इन विकास कार्यों का लाभ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को मिलता रहे। शहर के आंतरिक क्षेत्रों में संपर्क मार्गों, नागरिक सुविधाओं और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
फुटपाथ और सड़क निर्माण की व्यापार मंडल ने की सराहना
भेंट के बाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैयर, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, प्रदेश सचिव कमल बृजवासी, जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, हरिद्वार तहसील अध्यक्ष राहुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कुंभ की तैयारियों के तहत चल रहे विकास कार्यों की सराहना की।
पदाधिकारियों ने कहा कि कुंभ के लिए किए जा रहे स्थायी अवस्थापना कार्य हरिद्वार के लिए दीर्घकालीन सौगात साबित होंगे। इन कार्यों का लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी शहरवासियों और श्रद्धालुओं को मिलता रहेगा।
व्यापार मंडल ने विशेष रूप से फुटपाथ निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों तक सुरक्षित और सुगम पैदल आवागमन के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की गई।
चौराहों, सड़कों और नागरिक सुविधाओं को मिलेगा नया स्वरूप
प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न चौराहों के सुधार, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पार्किंग व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए चल रहे कार्यों को हरिद्वार के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि दीर्घकालीन जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जा रहे ये कार्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ हरिद्वार के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था में भी सुधार लाएंगे।
व्यापार मंडल ने कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत स्थायी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार एवं मेला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

By DTI