हरिद्वार, 9 अक्टूबर 2026। हर्षिता।नवरात्र और आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को भूपतवाला और भीमगोड़ा क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मैगी, चाउमीन नूडल्स, कुट्टू का आटा, अचार और खाद्य तेल सहित कुल पांच विधिक नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

चाउमीन नूडल्स और खाद्य तेल के मामले में नोटिस

निरीक्षण के दौरान भूपतवाला स्थित जय गंगा ट्रेडर्स से चाउमीन नूडल्स का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार, यह उत्पाद मिथ्या छाप पाया गया। नूडल्स का निर्माण ज्वालापुर स्थित मैसर्स राजू फूड्स द्वारा किया जाना पाया गया, जिसके बाद निर्माता फर्म को नोटिस जारी किया गया।

वहीं, भीमगोड़ा में डबल कंप्यूटर ब्रांड एडिबल वेजिटेबल ऑयल का नमूना भी मिथ्या छाप पाए जाने पर संबंधित निर्माता एवं पैकेजिंग फर्म श्री नैना इंडस्ट्रीज, औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस भेजा गया है।

तीन लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 52 के तहत मिथ्या छाप खाद्य सामग्री के मामले में अधिकतम तीन लाख रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है।

होटल संचालकों को भी दिए निर्देश

अभियान के दौरान भूपतवाला क्षेत्र के होटलों का भी निरीक्षण किया गया। होटल संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, यात्रियों को ताजा भोजन परोसने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि नवरात्र और त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।

By DTI