
हरिद्वार, 06 नवंबर।, हर्षिता उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हरिद्वार में खेलों के प्रति युवाओं और बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ओपन वर्ग बालक-बालिका साइकिल रैली का आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित इस रैली में कुल 97 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर खेल भावना और फिटनेस का संदेश दिया।
खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून एवं जिला प्रशासन हरिद्वार के मार्गदर्शन तथा जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एवं पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय ने किया।
साइकिल रैली योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद से शुरू होकर नवोदय चौक और हीरो चौक होते हुए वापस खेल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान लॉटरी ड्रॉ के माध्यम से पांच बालक और पांच बालिका खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित सभी 10 खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस को खेल गतिविधियों के साथ मनाना तथा बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, सहायक प्रशिक्षक अनुराग राठी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रजापति कुकरैती, वरिष्ठ सहायक शिवम रावत, कनिष्ठ सहायक विक्रम सिंह, राजन राणा, मंगल सिंह, अक्षय राठी, अनुराग सिंह धमांदा, गौरव कुमार, आदित्य गुप्ता तथा संविदा प्रशिक्षक शिवानी नैथानी सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
