हरिद्वार, 06 नवंबर 2026।,हर्षिता।हरिद्वार के बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। केंद्र में अब अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ किया। पहले दिन डॉ. अंतिमा और डॉ. यशपाल तोमर ने दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया। सीएमओ ने बताया कि इस सेवा को नियमित रखने के लिए डॉ. राकेश को सप्ताह में दो दिन अल्ट्रासाउंड जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

जल्द शुरू होगी सिजेरियन प्रसव की सुविधा
सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही यहां सिजेरियन यानी सी-सेक्शन प्रसव की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। इससे क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें जरूरी उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
सात महीनों में 38 हजार से अधिक लोगों को मिला लाभ
स्वास्थ्य सेवाओं के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर माह में सीएचसी बहादराबाद में कुल 5,151 लोगों को उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें 3,315 नए मरीज और 1,836 पुराने मरीज शामिल रहे। वहीं अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल 38,263 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 610 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया।

By DTI