ज्वालापुर बाजार से हरकी पैड़ी तक हुई सफाई, 43 पर्यावरण मित्रों ने संभाला मोर्चा
हरिद्वार। हर्षिता ।दीपावली के पर्व और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त के निर्देश पर रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में ज्वालापुर मुख्य बाजार से आर्यनगर चौक, रानीपुर मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से हरकी पैड़ी तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। देर रात तक चले इस अभियान में नगर निगम की टीम ने प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।
अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक आकाश फोर तथा सुपरवाइजर लवकेश, अनुराग और कुशाल सहित नगर निगम के 43 पर्यावरण मित्रों ने भागीदारी की।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य दीपावली के दौरान शहर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ आगामी कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार उपलब्ध कराना है।
