
हरिद्वार, 7 नवंबर। Harshita .त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच मनमाना किराया वसूलने और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के कुल 45 चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने और निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी ने टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर यात्री वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा सहित अन्य यात्री वाहनों को विशेष रूप से जांच के दायरे में रखा गया। ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली, परमिट शर्तों का उल्लंघन और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने पर 45 चालान किए गए।
चालकों को दी सख्त हिदायत
चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की गई। उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूलने से बचें। निर्धारित यात्री क्षमता और परमिट की शर्तों का पालन करें। साथ ही यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए।
मनमाना किराया मांगे जाने पर करें शिकायत
परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई वाहन चालक निर्धारित किराये से अधिक रकम मांगता है तो वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखें तथा इसकी शिकायत परिवहन विभाग से करें। शिकायत मिलने पर संबंधित प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
