9 नवंबर को होगा सोमवती स्नान पर्व, 8 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान संपन्न होने तक लागू रहेगा यातायात डायवर्जन
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और उत्तराखंड से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग निर्धारित
हरिद्वार।harshita.सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने यातायात प्लान जारी कर दिया है। 9 नवंबर 2026 को होने वाले स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने अलग-अलग राज्यों एवं शहरों से आने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
यातायात प्लान के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात्रि 12 बजे से सोमवती स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा।
दिल्ली, मेरठ और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूट
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यातायात का अत्यधिक दबाव होने पर नगलाइमरती से वाहनों को लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
दिल्ली-पंजाब और हरियाणा के वाहनों का वैकल्पिक रूट
वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच-344, सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर बाईपास, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर डायवर्जन किया जाएगा।
दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों को यातायात दबाव बढ़ने पर रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों की व्यवस्था
मुरादाबाद एवं नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौकी होते हुए चंडीचौक पहुंचाया जाएगा। इनके लिए नीलधारा एवं गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं बड़े वाहनों को श्यामपुर से 4.2 डायवर्जन के माध्यम से गौरीशंकर एवं नीलधारा पार्किंग भेजा जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए रूट
देहरादून एवं ऋषिकेश से स्नान के लिए आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार भेजा जाएगा। इन वाहनों के लिए लालजीवाला पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं देहरादून एवं ऋषिकेश से मेरठ-दिल्ली जाने वाले वाहनों को चंडीचौक से एनएच-344 के रास्ते भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहन चंडीचौकी और श्यामपुर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा के लिए भी लागू रहेंगे प्रतिबंध
स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश एवं रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। यहां सवारी उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा।
ज्वालापुर और बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम के लिए रानीपुर मोड़, देवपुरा, भगत सिंह चौक और टिबड़ी फाटक सहित निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालन की व्यवस्था रहेगी।
इसके अतिरिक्त ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी सहित सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ई-रिक्शा एवं ऑटो शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक सभी ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो की पूर्णतः नो एंट्री रहेगी।
यातायात दबाव बढ़ने पर अपनाई जाएगी अतिरिक्त व्यवस्था
पुलिस के अनुसार, यातायात का दबाव बढ़ने पर चीला मार्ग का इस्तेमाल ऋषिकेश की ओर केवल निकासी के लिए किया जाएगा। सामान्य यातायात दबाव में गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर वाहनों को भेजा जाएगा।
टोल प्लाजा पर निकासी का दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को जरूरत पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, जिससे सोमवती स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

By DTI