हरिद्वार, 9 नवंबर। हर्षिता।उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह में गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना और प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा की झलक देखी।
राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह में उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों, लोकनृत्यों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की शानदार झलक पेश की।
यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में पहले स्थान पर
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। हरिद्वार जनपद में अब तक एक लाख से अधिक यूसीसी पंजीकरण हो चुके हैं और इस मामले में जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
नीति आयोग की रैंकिंग में हरिद्वार की बड़ी उपलब्धि
मंत्री ने बताया कि नीति आयोग की जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में पहला स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जिले में 71 बहुउद्देशीय शिविर लगाए गए। इनमें 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया और 51 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
कुंभ-2027 की तैयारियों पर विशेष जोर
आगामी कुंभ मेला 2027 को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर और गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास एवं विस्तार के लिए भी नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इसके अंतर्गत योग एवं ध्यान, आयुर्वेद, ज्योतिष और प्राच्य अध्ययन सहित विभिन्न केंद्र विकसित किए जाने की योजना है।
एक लाख से अधिक किसानों को मिल रहा सम्मान निधि का लाभ
जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सतपाल महाराज ने बताया कि जिले में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लगभग 1.37 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। वहीं, 10.40 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 9 हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 2.52 लाख लोगों को लाभान्वित किया गया है।
23 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तिकरण की दिशा में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के तहत 32,825 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत 69,122 किट वितरित की गईं।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हरिद्वार की 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है।
मत्स्य उत्पादन में भी हरिद्वार ने लगाई लंबी छलांग
मंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय हरिद्वार में मत्स्य उत्पादन 850 क्विंटल था, जो अब बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है। मनरेगा के माध्यम से करीब एक लाख परिवारों को रोजगार मिला है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत भी 13 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है।
मेयर किरण जैसल और राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने भी रखे विचार
मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से है। उन्होंने स्वच्छ, सुंदर और विकसित हरिद्वार बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की।
