देहरादून, हर्षिता।। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिए बीजेपी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 21 और 22 नवंबर को कुंभनगरी हरिद्वार में आयोजित होगी। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की भूमिका और चुनावी रोडमैप पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
चुनावी मोड में आएगा बीजेपी संगठन
हरिद्वार में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान अब तक चलाए गए संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय करना है।
21 नवंबर को मोर्चों की संयुक्त बैठक
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, 21 नवंबर को बैठक की शुरुआत पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति से होगी। इसमें अब तक संपन्न और वर्तमान में संचालित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों और विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी।
इसी दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन के वरिष्ठ नेता आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श करेंगे।
22 नवंबर को दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में बनेगी रणनीति
कार्यसमिति के दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तैयार की गई कार्ययोजना और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।
इन नेताओं की मौजूदगी में संगठन की आगामी गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
मसूरी में 15 नवंबर से होगी अहम बैठक
हरिद्वार की प्रदेश कार्यसमिति से पहले बीजेपी नेतृत्व 15 नवंबर से मसूरी में भी महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करने जा रहा है। प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में दिसंबर महीने के संगठनात्मक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
इसमें प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक में आगामी कार्यक्रमों के संचालन और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।
नवंबर की बैठकों से 2027 की तैयारी को मिलेगी धार
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक, मसूरी की बैठक में दिसंबर महीने के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा, जबकि हरिद्वार की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में संगठन की व्यापक कार्ययोजना और 2027 के विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर मुहर लगेगी।
कुल मिलाकर नवंबर में होने वाली ये दोनों बैठकें उत्तराखंड में बीजेपी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। पार्टी नेतृत्व का फोकस संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए स्पष्ट रणनीति तैयार करने पर रहेगा।
