35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा कर रही श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला, प्रदेश के 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा सरकारी संरक्षण
हरिद्वार। हर्षिता धर्मनगरी हरिद्वार में गौसेवा और गोवंश संरक्षण की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई। गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की है। वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं तक पहुंच चुका है। संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में 35 हजार से अधिक गोवंश की देखभाल की जा रही है।
16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सरकारी संरक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि भी चिह्नित की गई है।
पांच हाइड्रोलिक एम्बुलेंस से बचाए गए हजारों गोवंश
श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा गतिविधियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचा चुकी हैं। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ने की जरूरत है। इससे न केवल निराश्रित गोवंश की समस्या का समाधान मिलेगा, बल्कि किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं।
कुंभ 2027 को लेकर भी सीएम ने बताई सरकार की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को और समृद्ध बनाने में कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क, पुल, संपर्क मार्ग, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कई दिग्गज हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज, स्वामी सोमेश्वर दास जी महाराज, स्वामी संजय महंत, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कामधेनुलोक का लोकार्पण हरिद्वार में गौसेवा, गोवंश संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
