त्रिशुर,डी टीआई न्यूज़।केरल के त्रिशूर जिले में 59 महिलाओं के गिरोह पर एक व्यक्ति की बुरी तरह से पिटाई करने का आरोप लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित ने एक लड़की की तस्वीर से छेड़छाड़ कर बनाई गई फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थी, जिससे ये महिलाएं भड़क गईं थीं। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनमें से 11 की गिरफ्तारी भी हुई है। सभी आरोपी
आध्यात्मिक ‘रिट्रीट सेंटर’ की सदस्य हैं। उन्होंने शाजी पर उस समय हमला किया जब वह गुरुवार शाम एक कार में 5 अन्य लोगों के साथ कहीं जा रहा था।


व्यक्ति को घसीटते हुए और बेरहमी से पीटती हुई महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ महिलाओं को व्यक्ति पर लाठी से हमला करते भी देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया कि पास के मुरियाद के रहने वाले शाजी का अब भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति और उसके परिवार ने हाल ही में ‘रिट्रीट सेंटर’ से अपना नाता तोड़ लिया था।
पिटाई के वक्त परिवार वालों के साथ था पीड़ित

जिस वक्त यह घटना हुई उस समय कार में पीड़ित के परिवार के 5 अन्य सदस्य भी थे। यह घटना सेंटर परिसर के बाहर हुई थी। घटना में परिवार के सदस्यों को भी मामूली चोटें आईं और हमले में वाहन का शीशा टूट गया। पुलिस ने बताया, ‘व्यक्ति की शिकायत के अनुसार महिलाओं ने इस गलतफहमी के चलते उस पर हमला किया कि उसने रिट्रीट सेंटर से जुड़ी एक महिला की फोटो से छेड़छाड़ कर बनाई गई तस्वीरों को शेयर किया था।’
147,144, 128 सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। 11 आरोपी महिलाओं को महिला जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है। माना जा रहा है कि इस मामले में कुछ और महिलाओं की भी गिरफ्तारी हो सकती है। हालांकि, इस घटना में इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी महिलाओं का फोटो शेयर करने वाला दावा सही है या नहीं। अगर दावा सही हुआ तो पीड़ित के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

By DTI