All India Pregnant Job Scam Nawada दिव्या टाइम्स इंडिया: बिहार के नवादा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां की साइबर थाना पुलिस ने महिलाओं को प्रेग्नेंट करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी ऑनलाइन महिलाओं की तस्वीरें उपलब्ध करवाते थे। इसके बाद उनका फोटो और अन्य डिटेल्स ले लेते थे। प्रेग्नेंट करने पर 13 लाख रुपए और नहीं करने पर 5 लाख रूपए देने का झांसा दिया जाता था।

जानकारी के अनुसार इंटेलिजेंस इनपुट पर एसआईटी ने शुक्रवार को जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरम्हा गांव में मुन्ना कुमार उर्फ दीपक के यहां छापेमारी की। पुलिस ने यहां से आठ आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जबकि इस गिरोह का सरगना मुन्ना समेत 2 दर्जन आरोपी भाग निकले। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस गिरोह में कुल 25-30 ठग शामिल थे। छापेमारी में पुलिस ने 9 मोबाइल, प्रिंटर और डेटा बरामद किया है।

कार्रवाई के बाद डीएसपी कल्याण आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी अपराधी ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जाॅब नामक संस्था के जरिए ठगी का गिरोह चला रहे थे। सभी आरोपी लोगों को महिलाओं को प्रेग्नेंट करने के नाम पर ठगी कर मोटी रकम ऐंठते थे। इसके लिए वे लोगों को मोबाइल पर फोटो भी भेजते थे। इसके बाद प्रेग्नेंट करने पर 13 लाख और नहीं करने पर 5 लाख रुपए देने का झांसा दिया जाता था।

आरोपी लोगों से पंजीकरण के नाम पर 799 रुपए ऑनलाइन मांगते थे। इसके बाद सिक्योरिटी फीस के नाम पर 5 हजार से 20 हजार रुपए तक लेते थे। हालांकि इन्होंने कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है इसको लेकर अभी खुलासा होना बाकी है।

देशभर के लोगों को बनाते थे निशाना

आरोपियों के फोन से मिले डेटा के आधार पर पुलिस ने कई लोगों से बातचीत की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दूसरे राज्य के लोगों को भी अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने फोन से कई महिलाओं और पुरूषों की तस्वीरें भी बरामद की है। मामले में पुलिस ने 26 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में मुन्ना कुमार मुख्य अपराधी है जो कि अभी भी फरार है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

By DTI