रुड़की : भगवानपुर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त महिला को करीब डेढ़ किलो स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। देहात क्षेत्र में पहली बार किसी महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के पास से स्मैक की साढ़े चार सौ पुडि़या मिली है। एक पुड़िया को महिला ढाई सौ रुपये से लेकर चार सौ रुपये के हिसाब से बेचती थी। पुलिस महिला के पति की तलाश कर रही है।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक देहात प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि भगवानपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को कई दिन से सूचना मिल रही थी कि सिकंदरपुर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में एक महिला स्मैक की पुडि़या बेच रही है। फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र महिला से स्मैक खरीदकर उसका सेवन कर रहे हैं। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि सिकंदरपुर भैंसवाल गांव निवासी राशिद और उसकी पत्नी शाहिस्ता नशे का कारोबार कर रहे हैं। जिस पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी। घर की तलाशी ली गई तो उस समय राशिद तो घर पर नहीं था। शाहिस्ता स्मैक की साढ़े चार सौ पुड़िया बनाकर एक डिब्बे में रख चुकी थी। शेष पुडिया बना रही थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घर की तलाशी ली गई तो यहां पर करीब डेढ़ किलो स्मैक बरामद हुई। शाहिस्ता ने बताया कि उसका पति बरेली से स्मैक खरीदकर लाता था। बरेली में वह किससे खरीदकर लाता था। इसके बारे में वही बता सकता है। एसपी देहात ने बताया कि राशिद की तलाश की जा रही है। एसएसपी की ओर से पुलिस टीम को ढाई हजार का इनाम दिया गया है। जबकि पुलिस उप महानिदेशक गढ़वाल मंडल से भी इनाम की संस्तुति की गई है।

By DTI