केदारनाथ, हर्षिता। केदारनाथ धाम एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया। शुक्रवार सुबह 7 बजे वृष लग्न में बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। जैसे ही कपाट खुले, घाटी “हर-हर महादेव” के गगनभेदी नारों से गूंज उठी। श्रद्धालु भक्ति और समर्पण से सराबोर होकर भगवान शिव के दर्शन में लीन हो गए।
कपाट उद्घाटन के इस पावन अवसर पर हजारों भक्तों ने उपस्थिति दर्ज कराई। पूरे मंदिर परिसर को 108 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अलौकिक क्षण के साक्षी बने और बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।
सबसे विशेष बात यह रही कि कपाट खुलने के बाद पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए केदारनाथ में 15,000 से अधिक लोगों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है, साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।
श्री केदारनाथ धाम अब अपने संपूर्ण वैभव और आध्यात्मिक आभा के साथ भक्तों के स्वागत को पूर्णतः तैयार है।