हरिद्वार। हर्षिता ।विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर आज संध्या कालीन आरती अपने निर्धारित समय से कई घंटे पहले ही कराई गई। आम दिनों में जहां शाम 6:30 बजे आरती होती है, वहीं आज इसे दोपहर 12:30 बजे ही सम्पन्न करा दिया गया। अचानक बदले इस समय को लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता बनी रही।
श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि विशेष खगोलीय स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। उनके अनुसार, रविवार रात 9:57 बजे से पूर्ण चंद्रग्रहण शुरू होगा, जो रात 1:27 बजे तक चलेगा। इसी कारण सूतक काल शुरू होने से पहले ही मां गंगा की संध्या आरती सम्पन्न कर दी गई और मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।
उन्होंने कहा कि जैसे ही चंद्रग्रहण समाप्त होगा, गंगाजल से मंदिर को पूरी तरह धोकर कपाट फिर से खोले जाएंगे।
चंद्रग्रहण का समय
- आरंभ (स्पर्श): रात 9:57 बजे
- मध्य: रात 11:41 बजे
- समाप्ति (मोक्ष): रात 1:27 बजे (8 सितंबर)
- सूतक काल: दोपहर 12:57 बजे से रात 1:27 बजे तक
धर्माचार्यों के अनुसार, सूतक काल में कोई भी धार्मिक या शुभ कार्य नहीं किए जाते। इसी कारण पितृपक्ष के आरंभ के साथ आज पिंडदान के कार्य भी श्रद्धालुओं को सूतक लगने से पहले ही करने की सलाह दी गई।