हरिद्वार | 12 दिसंबर 2025, हर्षिता। भूकंप की दृष्टि से अति संवेदनशील उत्तराखंड के लिए एक बड़ी राहत की पहल—मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने आईआईटी रुड़की के सहयोग से अत्याधुनिक “भूदेव ऐप” तैयार किया है, जो भूकंप आने से पूर्व ही मोबाइल पर अलर्ट भेजकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का समय देगा।
राज्य में लगातार आती भूकंप की सूचनाओं को देखते हुए यह ऐप जनता की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐप के माध्यम से समय रहते चेतावनी मिलने पर लोग अपनी एवं अपने परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे।


मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि—
“अपने, अपने परिवार और परिचितों की सुरक्षा के लिए भूदेव ऐप को अवश्य डाउनलोड करें। आपदा से बचाव में तैयारी और समझदारी दोनों आवश्यक हैं। आइए, हम सब मिलकर आपदा सुरक्षित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनें।”
