हरिद्वार, हर्षिता: जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के आदेश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा हरिद्वार के पुराना रानीपुर मोड हरिद्वार स्थित एक ई कॉमर्स स्टोर पर छापेमारी की गई. इस दौरान टीम ने स्टोर में रखे खाद्य पदार्थों की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान सामान के रखरखाव, दस्तावेजों में खामियां और गंदगी पाई गई. कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए और नोटिस भी जारी किया गया. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की.

खाद्य सुरक्षा विभाग की 4 घंटे तक चली कार्रवाई में मौके पर फूड लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाया गया. वर्करों के मेडिकल, एक्सटर्नल / इन्टर्नल ऑडिट रिपोर्ट, इनवॉइस रिकॉर्ड, खाद्य पदार्थों को घर तक पहुंचाने वाले राइडर्स की लिस्ट मौके पर प्रस्तुत नहीं की गयी. ई कॉमर्स स्टोर में खाद्य पदार्थों को बेचने वाली कम्पनी के साथ एग्रीमेंट की कॉपी भी मौके पर प्रस्तुत नहीं की गयी. इस दौरान कई जगह खाद्य पदार्थों को संग्रहित करने वाली बैग तथा प्लास्टिक बास्केट गंदे पाए गए.

जिस कारण कंपनी को नोटिस जारी किया गया. इसके साथ ही 3 दिनों के अन्दर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के साथ ही कमियों को दूर करके अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के निर्देश भी दिये गये. संग्रह स्थल एवं विक्रय स्थल पर रखे गये सभी खाद्य पदार्थों की विस्तृत जांच की गयी. हालांकि मौके पर कोई भी एक्सपायरी फूड आइटम नहीं मिला. मौके पर संदेह के आधार पर पैकिंग गाय का घी व साबुत घनिया का सैंपल लेकर रुद्रपुर लैब भेजा गया.

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम को स्टोर पर भेजा गया था. मौके पर कई खामियां मिली हैं. हालांकि एक्सपायरी डेट का कोई सामान तो नहीं मिला, लेकिन संबंधित कंपनियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है. अगर दोनों कंपनियां 3 दिन के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करती हैं तो खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि घी और धनिए का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट आने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

लक्सर और खानपुर क्षेत्र में भी की गई छापेमारी: इसके अलावा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा को लक्सर एवं खानपुर क्षेत्र में स्थित डेयरी एवं मिठाई दुकानों पर भी छापेमारी की गई. मौके पर खुले दूध के 2 सैंपल तथा देशी धी का 1 सैंपल लेकर जांच हेतु लिया गया, जिसे रुद्रपुर लैब जांच के लिए भेजा गया है. फूड लाइसेंस प्रस्तुत न करने, निर्माण स्थल एवं संग्रह स्थल पर गन्दगी पाये जाने पर 2 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवानपुर, पवन कुमार द्वारा भगवानपुर क्षेत्र के डेयरी, दूध विक्रेताओं एवं प्रोविजन स्टोरों से 6 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला रुद्रपुर को भेजा गया. साथ ही 3 कारोबारियों को मौके पर साफ सफाई उचित नहीं पाये जाने पर कारण नोटिस जारी किया गया.

By DTI