देहरादून। हर्षिता। राजधानी देहरादून के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। इलाके की दुकानें बंद कर दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गुन्नू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती घर से बाहर कहीं जा रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर तेज वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने युवती पर चापड़ से हमला किया था। युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि वो नीचे गिर गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम मौजूद है। पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी की सरगर्मी से तलाश करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध में इलाके के बाजार की सभी दुकानें बंद हो गई हैं।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मच्छी बाजार के अंदर दूल्हा मार्केट के पास गली में एक युवक द्वारा एक युवती को धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया। उसको उपचार हेतु तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त घटना को अंजाम देने वाले युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार हत्या आरोपी का नाम आकाश कुमार है। इसकी उम्र 27 साल है। वो कोमल राम का बेटा है। इसका घर 46 मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ला कोतवाली नगर देहरादून में है। घटना की सूचना मिलते ही मच्छी बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जबकि परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आकाश कुमार पिछले कई दिनों से युवती गुंजन का पीछा कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। गुंजन बीते 5 से 6 वर्षों से दूल्हे के कपड़ों की एक दुकान में काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुछ दिन पहले उसे धमकी भी दी थी, जिसके बाद गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले और बढ़ गए।  पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन आकाश की शादी के बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा।

गुंजन ने चौकी में दर्ज कराई थी शिकायत

दो दिन पहले फिर से जान से मारने की धमकी मिलने पर गुंजन ने शिकायत की थी, लेकिन लापरवाही का खामियाजा उसे अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

पिछले कुछ दिनों में हत्या की घटनाओं से दहशत

देहरादून जिले में बीते पांच से छह दिनों के भीतर हत्या की यह तीसरी वारदात सामने आई है, जिससे आम लोगों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं। इससे पहले 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या की गई थी, जिसमें आरोपी ने धारदार हथियार और पत्थर से हमला किया था। वहीं 31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर इलाके में घर में अकेली रह रही एक महिला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग पुलिस से त्वरित व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

शहर में इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

By DTI