देहरादून: उत्तराखंड में आने वाले पर्यटकों की संख्या में साल दर साल इजाफा हो रहा है. पर्यटन विभाग की आंकड़े इसकी तस्दीक कर रहे हैं. साल 2025 में 6 करोड़ 3 लाख से ज्यादा पर्यटक उत्तराखंड की वादियों को निहारने आए, जो राज्य गठन के बाद से अब तक की सर्वाधिक संख्या है. हरिद्वार में सबसे ज्यादा 3 करोड़ 42 लाख 49 हजार 380 तीर्थयात्री पहुंचे. जबकि, देहरादून में 67 लाख 35 हजार 71 और टिहरी जिले में 53 लाख 29 हजार 759 सैलानी आए.
चारधाम हो या ऋषिकेश, हरिद्वार या नैनीताल या फिर अन्य पर्यटक स्थलों पर लगातार बढ़ती पर्यटकों की संख्या, यहां के स्थानीय लोगों के साथ-साथ सरकार के राजस्व के लिहाज से भी बेहद सुखद है. इसमें कोई दोराय नहीं है कि बीते कुछ सालो में पर्यटक तीर्थ स्थलों में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर खास जोर दिया गया है.

पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध भी किए गए हैं. सरकार के इन प्रयासों का ही परिणाम है कि उत्तराखंड में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. पर्यटक खासकर मसूरी, नैनीताल, भीमताल, कैंची धाम, ऋषिकेश, हरिद्वार, चकराता, कौसानी, चोपता, हर्षिल, सांकरी, मुनस्यारी आदि जगहों पर ज्यादा जा रहे हैं
पिछले कुछ सालों में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा: उत्तराखंड पर्यटन विभाग के मुताबिक, साल 2025 में कुल 6 करोड़ 3 लाख 21 हजार 194 पर्यटक/तीर्थयात्री उत्तराखंड आए. इनमें 1 लाख 92 हजार 533 विदेशी सैलानी शामिल रहे. उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार पर्यटकों/तीर्थयात्रियों की संख्या 6 करोड़ के पार पहुंची है.
आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो साल 2021 में 2,00,18,115, साल 2022 में 5,39,81,338, साल 2023 में 5,96,36,601 और साल 2024 में 5,95,50,277 पर्यटक/तीर्थयात्रियों ने उत्तराखंड का रुख किया है. वहीं, साल 2025 में पर्यटक/तीर्थयात्रियों की संख्या 2025 में 6,03, 21,194 रही. साल 2026 का जनवरी महीना गुजर गया है. जनवरी के आखिर में बर्फबारी हुई. इस दौरान काफी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड आए.
पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का बड़ा आधार है. हमारी सरकार राज्य में पूरे साल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है. ताकि, पर्यटन कारोबार से जुड़े स्थानीय निवासियों और युवाओं को सालभर रोजगार के अवसर उपलब्ध हों. शीतकालीन यात्रा भी इसी की एक कड़ी है.“- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
सीएम धामी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा की यात्रा पर आकर मां गंगा के दर्शन करने के बाद शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिला है. काफी संख्या में यात्री उत्तराखंड पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने पर्यटक सुविधाएं बढ़ाने के साथ उनकी सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. इन्हीं सब प्रयासों का परिणाम है कि उत्तराखंड में पर्यटकों की बढ़ती संख्या हर साल नया रिकॉर्ड बना रही है.
