हरिद्वार, 06 फरवरी 2026: हर्षिता । तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ जिला प्रशासन एक बार फिर बड़े स्तर पर पहल करने जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 07 फरवरी 2026 को पूरे जनपद में मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने विकास भवन परिसर से 50 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा और अभियान में शामिल होने का संदेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देशन में नवंबर 2025 से लगातार चल रहे इस अभियान का उद्देश्य हरिद्वार को स्वच्छता के मामले में एक आदर्श जनपद बनाना है। 07 फरवरी को सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक नोडल अधिकारी तैनात किया गया है, जो प्रवेश और निकास द्वार, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की सफाई सुनिश्चित करेंगे।
स्वयंसेवी संस्थाएं, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा सहित विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी इस महाअभियान का हिस्सा बनेगी। अभियान की जियो-टैग फोटो तैयार कर निगरानी भी की जाएगी, ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने यहां डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जबकि ग्रामीण कस्बों और बाजारों की सफाई जिला पंचायत द्वारा करवाई जाएगी। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को कम्पेक्टर तक पहुंचाकर उचित निस्तारण किया जाएगा।
